टोल बचाने के फेर में गई किशोरी की जान, ट्राला की टक्कर से दर्दनाक हादसा ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। घाटमपुर क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे परिवार को मातम में बदल दिया। सजेती थाना क्षेत्र के बरीपाल के पास टोल टैक्स से बचने के लिए अंदरूनी रास्ते से गुजर रहे एक ट्राला ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 16 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका मौसेरा भाई और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृत किशोरी राजा, कानपुर देहात के पुखरायां निवासी राजेश सचान की बेटी थी। वह अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए ननिहाल सिधौल आई हुई थी और शुक्रवार शाम घाटमपुर जा रही थी। बाइक उसका मौसेरा भाई प्रियांशु (25) चला रहा था, जिसके साथ उसकी पत्नी पूनम (22) भी सवार थी।
जैसे ही बाइक बरीपाल से आगे पड़री गांव के पास पहुंची, गाटर लादकर जा रहे तेज रफ्तार ट्राला ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से पूनम की हालत नाजुक होने पर उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने घटनास्थल पर जाम लगा दिया और पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि टोल टैक्स बचाने के लिए भारी वाहन चालक पुलिस की मिलीभगत से अनूपुर होते हुए परास की ओर से निकलते हैं, जिससे सड़कें जर्जर हो चुकी हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अनुज भारती ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया जा सका। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।






