दातागंज के मुढ़ा पुख्ता पुल का निर्माण फिर शुरू होगा, हादसे के बाद शासन ने दी 104 करोड़ की मंजूरी

Share your love

संवाद 24 बदायूं। दातागंज क्षेत्र में स्थित मुढ़ा पुख्ता पुल के निर्माण का कार्य एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के लिए शासन ने 104 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही निर्माण कार्य धरातल पर दिखाई देगा।

विधायक ने बताया कि पुल के निर्माण की जिम्मेदारी सेतु निगम को सौंपी गई है, जबकि पुल तक पहुंचने वाली एप्रोच रोड का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया जाएगा। तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पुल की डिजाइन में आवश्यक बदलाव किए गए हैं, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

उल्लेखनीय है कि 24 नवंबर 2024 को अधूरे मुढ़ा पुख्ता पुल से एक कार गिरने के कारण उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई थी। यह हादसा उस समय हुआ था, जब युवक गूगल मैप के सहारे मार्ग खोजते हुए पुल पर चढ़ गए थे। घटना के बाद पुल की अधूरी स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

हादसे के बाद से ही स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पुल निर्माण की मांग तेज हो गई थी। विधायक राजीव कुमार सिंह ने इस मुद्दे को लगातार शासन स्तर पर उठाया। बाद में आईआईटी रुड़की की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर पुल की लंबाई बढ़ाने का निर्णय लिया गया, ताकि रामगंगा नदी के बहाव और सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

अब 104 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे भविष्य में इस मार्ग पर आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News