आसमान से रेकी, जमीन पर चोरी! ड्रोन से सेंधमारी करने वाले सगे भाइयों का हाईटेक गिरोह गिरफ्तार

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में बिठूर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे हाईटेक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो चोरी के लिए पारंपरिक तरीकों की बजाय तकनीक का इस्तेमाल कर रहा था। यह गिरोह ड्रोन की मदद से ताला बंद घरों की रेकी करता था और फिर छत के रास्ते घर में घुसकर इत्मिनान से चोरी की वारदात को अंजाम देता था। इस गिरोह के मास्टरमाइंड दो सगे भाई निकले, जो अपने बुआ के बेटे के साथ मिलकर वारदातें करते थे। तीनों ने मिलकर बीते एक साल में करीब 40 से अधिक चोरियां कीं और चोरी की कमाई से 70 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति खड़ी कर ली।

पुलिसकर्मी के घर हुई थी 15.25 लाख की बड़ी चोरी
गिरोह की एक बड़ी वारदात तीन नवंबर को सामने आई थी, जब बिठूर थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी के घर से 15.25 लाख रुपये की चोरी की गई थी। पीड़ित चंद्रशेखर जाटव, जो मूल रूप से कानपुर देहात के शिवली फत्तेपुर के निवासी हैं और वर्तमान में फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ में पुलिस विभाग में तैनात हैं, उस समय घर पर ताला लगाकर गए हुए थे।
उनकी बेटी डॉ. शिल्पी जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर हैं और उनकी शादी उसी दिन बिठूर के एक गेस्ट हाउस में थी। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने घर से 7.75 लाख रुपये नकद और 7.50 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे।

ड्रोन से करते थे रेकी, कार में चलता था पूरा सेटअप
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि इस चोरी के बाद विशेष टीम गठित की गई थी। गुरुवार देर रात क्राइम ब्रांच और बिठूर थाना पुलिस ने पेम गांव मैदा फैक्ट्री के पास से कार सवार तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान मैनपुरी के आजाद नगर कांशीराम कॉलोनी निवासी मुकेश राजपूत, उसके भाई आकाश राजपूत उर्फ ढिल्ला और बुआ के बेटे मनोज कुमार उर्फ सूरज के रूप में हुई।

पूछताछ में सामने आया कि तीनों पहले मैनपुरी में चोरियां करते थे। वहां दबाव बढ़ने पर वे करीब एक साल पहले कानपुर आ गए और अलग-अलग जगहों पर किराए पर रहकर वारदातें करते रहे। चोरी के कुछ दिन बाद उन्होंने परेड बाजार से दो लाख रुपये में पुरानी स्कोडा कार खरीदी, जिसमें ड्रोन, गैस कटर और अन्य उपकरण रखे जाते थे। कार पर “अधिवक्ता” लिखा होने के कारण कोई उन पर शक नहीं करता था।

चोरी की कमाई से खरीदीं करोड़ों की संपत्तियां
आरोपितों ने चोरी की काली कमाई से कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र में महज एक साल के भीतर तीन संपत्तियां खरीदीं। इनमें बाघपुर शेखपुर गांव में लगभग 30 लाख रुपये का 150 वर्ग गज का मकान और 40 लाख रुपये में दो प्लॉट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना आकाश राजपूत है। आरोपितों ने एक सर्राफ का नाम भी उजागर किया है, जिसे वे चोरी के जेवर बेचते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट व संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक कार, ड्रोन, गैस कटर, सिलिंडर, एलईडी टीवी, स्मार्ट वॉच, कीपैड मोबाइल फोन, 176 नेपाली सिक्के, 18,500 रुपये नकद और लाखों रुपये के चोरी किए गए जेवर बरामद किए हैं।

डीसीपी ने बताया कि तीनों पढ़े-लिखे नहीं हैं, लेकिन तकनीक का इस्तेमाल कर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। आकाश पर पहले से 11 मुकदमे, मुकेश पर पांच और मनोज पर चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और खरीदारों की तलाश में जुटी है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News