महोबा में जल संकट को लेकर मंत्री स्वतंत्र देव और विधायक बृजभूषण राजपूत आमने-सामने

Share your love

संवाद 24 महोबा। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के एक कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम स्थल पर मंत्री और विधायक के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी कॉलेज में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान चरखारी विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने और सड़कों को खोदकर छोड़ दिए जाने से नाराज विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और अपनी आपत्तियां सामने रखीं।

विधायक ने आरोप लगाया कि लंबे समय से ग्रामीण इलाकों में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है और सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे जनता को भारी परेशानी हो रही है। इस मुद्दे को लेकर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और विधायक बृजभूषण राजपूत के बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ती देख जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विधायक बृजभूषण राजपूत को साथ लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बैठक शुरू की गई, जिसमें जलापूर्ति और सड़क निर्माण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

हंगामे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य गेट को बंद कर दिया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News