पत्नी से विवाद के बाद हादसा शीशे पर हाथ मारने से नस कट गई, इलाज के दौरान युवक की मौत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद हुए एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में युवक की मौत हो गई। नशे की हालत में पत्नी से कहासुनी के दौरान युवक ने गुस्से में शीशे पर हाथ मार दिया, जिससे हाथ की नस कट गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई।
घटना गुजैनी के बर्रा-आठ इलाके की है। यहां रहने वाले 40 वर्षीय प्रवीन कुमार द्विवेदी बुधवार को नशे की हालत में घर पहुंचे थे। इसी बात को लेकर उनकी पत्नी से विवाद हो गया। परिजनों के अनुसार, विवाद के दौरान प्रवीन ने आवेश में आकर पास में लगे शीशे पर हाथ पटक दिया।
शीशा टूटने से उनके हाथ में गंभीर चोट आई और अधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें तत्काल एलएलआर (हैलट) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। बावजूद इसके, देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि प्रवीन की पत्नी कैंसर से पीड़ित हैं और परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। प्रवीन के पिता सर्वजीत द्विवेदी का पहले ही निधन हो चुका है। स्वजनों का कहना है कि प्रवीन लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहे थे।






