झंडा खरीदने गया मासूम, लापरवाह ई-रिक्शा ने बुझा दिया घर का चिराग

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। चकेरी थाना क्षेत्र के पटेल नगर क्रॉसिंग पर रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। गणतंत्र दिवस के लिए मां के साथ झंडा खरीदने गया सात वर्षीय आर्यन गौतम, लापरवाही और नशे में धुत ई-रिक्शा चालक की भेंट चढ़ गया। अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटने से मासूम उसके नीचे दब गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

टटियन झनाका निवासी श्याम सिंह पेशे से ट्रक चालक हैं। उनके परिवार में पत्नी शोभा और तीन बच्चे—सक्षम (11), सुहानी (9) और आर्यन गौतम (7)—थे। आर्यन कक्षा दो का छात्र था। रविवार शाम वह अपनी मां के साथ पटेल नगर क्रॉसिंग झंडा खरीदने गया था। मां दुकान के भीतर थीं, जबकि आर्यन फुटपाथ पर खड़ा इंतजार कर रहा था। इसी दौरान नशे में धुत चालक ने सड़क पर ई-रिक्शा मोड़ने की कोशिश की। संतुलन बिगड़ा और ई-रिक्शा पलटकर सीधे आर्यन पर जा गिरा।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ई-रिक्शा हटाया और बच्चे को तुरंत कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भीड़ का फायदा उठाकर चालक ई-रिक्शा लेकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मां शोभा की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

यह हादसा न सिर्फ एक परिवार का उजाला बुझा गया, बल्कि सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने जैसी लापरवाहियों पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। गणतंत्र दिवस की तैयारियों के बीच हुई इस त्रासदी ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News