रिटायर्ड महिला दरोगा से लूट के मामले में लापरवाही, रावतपुर थाना प्रभारी लाइन हाजिर

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में सीबीसीआईडी से सेवानिवृत्त महिला दरोगा से हुई चेन लूट की घटना में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर कड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने मामले के खुलासे में देरी और शिकायतों के बाद रावतपुर थाना प्रभारी मनोज मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया है।

यह घटना आठ जनवरी को रावतपुर के केशवपुरम इलाके में हुई थी, जब डिप्टी जेलर की पत्नी एवं सीबीसीआईडी से रिटायर्ड दरोगा पुष्पलता दुबे से शातिर लुटेरों ने चेन लूट ली थी। घटना के बाद कई पुलिस टीमें जांच में लगाई गईं, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी और न ही मामले का ठोस खुलासा हो पाया।

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद पीड़िता और स्थानीय लोगों द्वारा थाना स्तर पर लापरवाही की लगातार शिकायतें की जा रही थीं। जांच में यह बात भी सामने आई कि थाना प्रभारी की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़े।

इतना ही नहीं, रावतपुर केशवपुरम इलाके में कुछ दिन पहले दबंगों द्वारा एक ऑटो में आग लगाए जाने की घटना में भी रिपोर्ट दर्ज करने में देरी और लापरवाही सामने आई थी। इन तमाम मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने थाना प्रभारी पर कार्रवाई का फैसला लिया।
एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने बताया कि लूट और अन्य घटनाओं में बरती गई लापरवाही को देखते हुए रावतपुर थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News