एडीसीपी की छापेमारी से होटल-रेस्टोरेंटों में हड़कंप, नशे का सामान जब्त

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहे अवैध हुक्काबारों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान शुरू किया है। एडीसीपी सेंट्रल सुमित रामटेके के नेतृत्व में सेंट्रल जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन छापेमारी की गई। इस अचानक हुई कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखकर हुक्काबार संचालित कर रहे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया।
पुलिस की संयुक्त टीमों ने सेंट्रल जोन के कई संदिग्ध ठिकानों, होटलों और रेस्टोरेंटों पर एक साथ दबिश दी। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित हुक्का, तंबाकूयुक्त फ्लेवर और नशे से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई। मौके पर कई युवक नशे की हालत में पाए गए, जिन्हें कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया।

छापेमारी के दौरान बरामद सभी अवैध सामग्रियों को जब्त कर लिया गया है, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने साफ किया कि लाइसेंस के बिना या नियमों के विपरीत हुक्काबार संचालन पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।

युवाओं के भविष्य को बचाने की मुहिम
एडीसीपी सुमित रामटेके ने बताया कि यह अभियान युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि युवाओं के भविष्य को भी अंधकार की ओर ले जाता है। पुलिस की प्राथमिकता ऐसे अवैध ठिकानों को चिन्हित कर बंद कराना है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आगे भी पूरे शहर में यह अभियान जारी रहेगा और अवैध हुक्काबार या नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को अभिभावकों और समाज के जिम्मेदार लोगों ने भी सराहा है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News