बंदरों के हमले से तीसरी मंजिल से गिरी, चीख भी नहीं सुन सका कोई
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छत पर टंगे कपड़े उतारने गई एक महिला को क्या पता था कि वहां मौत उसका इंतजार कर रही है। थाना शाहगंज क्षेत्र के वेस्ट अर्जुन नगर में बंदरों के हमले से तीसरी मंजिल से गिरकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वेस्ट अर्जुन नगर निवासी विरमा देवी छत पर कपड़े उतारने गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, उसी दौरान अचानक बंदरों ने झपट्टा मार दिया। घबराई विरमा देवी संतुलन नहीं संभाल सकीं और तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ीं। गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ऊंचाई और सुनसान होने के कारण उनकी चीख भी किसी तक नहीं पहुंच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। विरमा देवी की मौत से परिवार सदमे में है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन बेसुध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वेस्ट अर्जुन नगर और आसपास के इलाकों में बंदरों का जबरदस्त आतंक है। घरों की छतों पर जाना, दरवाजा खोलना या बच्चों को बाहर भेजना तक मुश्किल हो गया है। बंदर आए दिन लोगों पर हमला कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
इलाके के लोगों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। करीब एक साल पहले भी पास के मोहल्ले में एक महिला को बंदरों ने छत से गिरा दिया था, जिससे उसकी जान चली गई थी। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। कई बार नगर निगम और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिले।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं दोबारा होती रहेंगी और बेगुनाह लोगों की जान जाती रहेगी।






