पुलिस पिकेट के सामने चोरी, चौकी पर लटका मिला ताला पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। गुजैनी थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने पुलिस पिकेट के ठीक सामने स्थित एक पान की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद जब पीड़ित शिकायत दर्ज कराने चौकी पहुंचा, तो वहां ताला लटका मिला।

घटना रामगोपाल चौराहे की है, जहां सूरज स्वीट्स के बगल में स्थित पान की दुकान का शटर काटकर चोरों ने चोरी को अंजाम दिया। चोर दुकान के अंदर रखे सिगरेट के महंगे कार्टन, कीमती सामान और नकदी समेत लाखों रुपये का माल समेट ले गए। सुबह जब दुकानदार ने दुकान खोली, तो शटर टूटा देख उसके होश उड़ गए।

पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही वह तुरंत गुजैनी चौकी पहुंचा, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और चौकी पर ताला लगा हुआ था। मजबूरी में उसे थाने के चक्कर लगाने पड़े। पीड़ित का आरोप है कि यदि पुलिस पिकेट पर नियमित रूप से गश्त और मौजूदगी रहती, तो इतनी बड़ी चोरी को रोका जा सकता था।

घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पुलिस पिकेट के सामने चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर पोल खोलता है। व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चौकी पर पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की मांग की है।

मामले में गुजैनी थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News