जनखत फीडर पर घंटों बिजली गुल, निजी नलकूपों से सिंचाई कर रहे किसान संकट में
Share your love

संवाद 24 कन्नौज। ठठिया कस्बा स्थित 33 केवीए विद्युत सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले जनखत फीडर पर इन दिनों भीषण बिजली कटौती से ग्रामीण क्षेत्र के किसान बुरी तरह परेशान हैं। लगातार और अघोषित विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से खेती-किसानी पर सीधा असर पड़ रहा है।
वर्तमान समय में क्षेत्र के अधिकांश किसान आलू की फसल की सिंचाई कर रहे हैं। बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण नलकूप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे फसल की समय पर सिंचाई नहीं हो पा रही। किसानों का कहना है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं हुई तो आलू की पैदावार पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
क्षेत्र में किसान पूरी तरह निजी नलकूपों के माध्यम से ही सिंचाई करते हैं। बिजली कटते ही निजी नलकूप बंद हो जाते हैं, जिससे खेतों तक पानी पहुंचना असंभव हो जाता है। ऐसे में बिजली आपूर्ति में थोड़ी सी भी बाधा किसानों के लिए बड़ी समस्या बन जाती है।
स्थानीय किसानों के अनुसार जनखत फीडर पर कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहती है, जबकि आपूर्ति का कोई निश्चित समय भी तय नहीं है। दिन में कभी भी बिजली कट जाने से किसान खेतों में सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी मेहनत और लागत दोनों पर खतरा मंडरा रहा है।
किसानों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि इस जटिल समस्या को जल्द से जल्द सुधारा जाए। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।






