कल्याणपुर में ठेकों पर अराजकता, सड़कों पर छलकते जाम, डीसीपी के छापे में खुली पोल

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में शराब ठेकों के बाहर खुलेआम शराबखोरी और सड़क पर फैलती अराजकता शुक्रवार को उस वक्त उजागर हो गई, जब डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी ने अचानक निरीक्षण कर दिया। निरीक्षण के दौरान न सिर्फ नियमों की धज्जियां उड़ती दिखीं, बल्कि पुलिस चौकियों की लापरवाही भी बेनकाब हो गई।

डीसीपी सबसे पहले पनकी रोड स्थित चुंगी चौराहे पर पहुंचे। यहां देशी और अंग्रेजी शराब के ठेकों के बाहर सड़क किनारे ही लोग जाम छलकाते मिले। शराबियों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। यह नजारा देखते ही डीसीपी का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद पनकी रोड चौकी प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई और शराब पी रहे लोगों के वाहनों के तत्काल चालान कटवाए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके बाद डीसीपी टीम के साथ बारासिरोही स्थित शराब ठेके पर पहुंचे। यहां भी स्थिति कम चिंताजनक नहीं थी। ठेके के बाहर शराब पीने के लिए अस्थायी इंतजाम किए गए थे और लोग बेखौफ होकर खुलेआम शराब का सेवन कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान ठेके के भीतर अवैध रूप से कैंटीन संचालित होती पाई गई, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।

डीसीपी ने इस गंभीर अनियमितता पर थाना प्रभारी और एसीपी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि 24 घंटे के भीतर पूरी रिपोर्ट तैयार कर आबकारी विभाग को भेजी जाए। उन्होंने साफ कहा कि यदि दोबारा किसी भी ठेके पर अवैध कैंटीन या बाहर शराब पीने की व्यवस्था मिली, तो संबंधित चौकी प्रभारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय मानी जाएगी।

डीसीपी की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और उससे उपजने वाली अराजकता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की सख्ती से जहां स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं ठेका संचालकों और लापरवाह पुलिसकर्मियों में भी हड़कंप मच गया है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News