दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से अजय राय की मुलाकात, बोले रक्षक ही बन गए भक्षक, सरकार अपराधियों को दे रही संरक्षण
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बुधवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कार्यकर्ताओं के साथ पीड़िता के परिजनों से मिलने पहुँचे और घटना को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार व पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला।
पीड़ित परिवार से बातचीत के दौरान अजय राय ने कहा कि यह घटना केवल एक अपराध नहीं, बल्कि प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था का जीता-जागता प्रमाण है। उन्होंने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है कि जिनके कंधों पर मासूमों की रक्षा की जिम्मेदारी है, वही आज भक्षक बन गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्कर्म का आरोपी दरोगा पुलिस विभाग का ही व्यक्ति है और उसे बचाने के लिए पूरा तंत्र सक्रिय है। अजय राय ने कहा कि आरोपी पर इनाम घोषित करना महज़ एक औपचारिकता और दिखावा है, जबकि हकीकत यह है कि पुलिस अपने ही विभाग के अपराधी को संरक्षण दे रही है और उसे फरार होने में मदद की गई।
सरकार पर सीधा हमला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और बेटियाँ कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल अपराधियों को बचाने में जुटी है, जबकि पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
पीड़ित परिवार को दिया आश्वासन
अजय राय ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, आरोपी दरोगा की तत्काल गिरफ्तारी और उसे सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाकर ही दम लेगी।






