आम जनता से शालीनता और संवेदनशीलता से पेश आएं थानेदार: डीसीपी सेंट्रल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में पुलिस व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुखी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने फजलगंज थाना का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
डीसीपी सेंट्रल ने थाना परिसर, कार्यालय अभिलेखों, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, हवालात, सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस बल की उपस्थिति और ड्यूटी व्यवस्था की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि थाने पर आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और न्याय की उम्मीद लेकर आता है, ऐसे में पुलिसकर्मियों का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। उन्होंने थानेदारों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए।
उन्होंने महिला और साइबर से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ितों को तत्काल सहायता और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के अंत में डीसीपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क गश्त और आपसी समन्वय को और मजबूत करने की बात कही।






