आगरा–ग्वालियर हाईवे पर कोहरे का कहर आधा दर्जन वाहन आपस में टकराए, दो की मौत; छह से अधिक घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। घने कोहरे ने सोमवार तड़के आगरा–ग्वालियर हाईवे पर जानलेवा रूप ले लिया। थाना इरादतनगर क्षेत्र के नगला इमली गांव के पास तड़के करीब छह बजे कोहरे के कारण एक के बाद एक करीब आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भयावह था कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया।
शून्य के करीब थी दृश्यता
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि दृश्यता लगभग शून्य हो गई थी। वाहन चालकों को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दे रहा था। बताया जा रहा है कि पहले दो वाहनों की टक्कर हुई, जिसके बाद पीछे से आ रहे वाहन भी अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से भिड़ते चले गए।
स्थानीय निवासी सत्येंद्र सिंह चाहर ने बताया कि कोहरे की वजह से अचानक ब्रेक लगने और कम दूरी पर वाहन दिखने के कारण यह बड़ा हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि कुछ ही पलों में हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
कुछ समय तक बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को धीरे-धीरे सुचारू कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और घायलों का इलाज जारी है।
प्रशासन की अपील
पुलिस और प्रशासन ने कोहरे के मौसम में वाहन चालकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, ऐसे में सावधानी ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।






