नए साल 2026 का जोरदार स्वागत, देश-दुनिया में जश्न और सुरक्षा के सख्त इंतजाम

Share your love

संवाद 24 नई दिल्ली। खट्टी-मीठी यादों के साथ वर्ष 2025 विदा हो गया और पूरी दुनिया ने नए साल 2026 का उल्लासपूर्ण स्वागत किया। भारत में दिल्ली से पटना, मुंबई से मनाली और लखनऊ से कोलकाता तक आधी रात के साथ ही जश्न का माहौल बन गया। रात 12 बजते ही लोग सड़कों, चौकों और सार्वजनिक स्थलों पर निकले, आतिशबाजी की, एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं और मिठाइयों से नए साल का आगाज किया।

वैश्विक स्तर पर नए साल का सबसे पहले स्वागत दक्षिण प्रशांत के देशों ने किया। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में 240 मीटर ऊंचे स्काई टावर से भव्य आतिशबाजी कर 2026 का स्वागत किया गया। करीब 17 लाख की आबादी वाले इस शहर में पांच मिनट तक चली आतिशबाजी ने आसमान को रोशन कर दिया, जिसके बाद दुनिया के अन्य हिस्सों में भी जश्न की शुरुआत होती चली गई।

भारत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नववर्ष 2026 की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने नए साल को नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बताते हुए देश के विकास, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने कहा कि 2026 देश और नागरिकों के जीवन में शांति, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए तथा एक मजबूत भारत के निर्माण के लिए नई प्रेरणा दे।

नए साल के मौके पर देश के प्रमुख पर्यटन और महानगरों में सुरक्षा व्यवस्था भी अभूतपूर्व रही। जम्मू-कश्मीर के हिल रिसॉर्ट्स में पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम सहित प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए। श्रीनगर की बुलेवार्ड रोड, पार्कों और पर्यटक क्षेत्रों में चेकपॉइंट लगाकर वाहनों और यात्रियों की सघन जांच की गई।

मुंबई में नए साल के जश्न को सुरक्षित बनाने के लिए 17 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, गिरगांव चौपाटी, बांद्रा बैंडस्टैंड और जुहू-वर्सोवा बीच जैसे प्रमुख स्थलों पर ड्रोन से निगरानी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। शहर भर में करीब 3000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस ने 60 से अधिक पार्टी जोन चिह्नित कर वहां विशेष जांच और निगरानी के इंतजाम किए। बाजारों, मॉल्स और नाइटलाइफ केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।

दिल्ली से सटे गुरुग्राम में नए साल के अवसर पर 5400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। एमजी रोड, साइबर हब, गोल्फ कोर्स रोड सहित प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

झारखंड में भी नववर्ष समारोह को लेकर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में होटल, रेस्तरां, पार्कों, बांधों और जलाशयों पर कड़ी निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 104 संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां मजिस्ट्रेट के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।

कुल मिलाकर नए साल 2026 का आगाज देश-दुनिया में उत्साह, उमंग और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हुआ, जहां लोगों ने बेहतर भविष्य की उम्मीदों के साथ नए साल का स्वागत किया।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News