बिहार में जसीडीह–झाझा रेलखंड पर बड़ा हादसा, मालगाड़ी की 17 बोगियां पटरी से उतरीं
Share your love

संवाद 24 जमुई। बिहार में एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है। जमुई जिले के जसीडीह–झाझा मुख्य रेलखंड पर शनिवार देर रात करीब 12 बजे सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे इस व्यस्त रेलमार्ग पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार जसीडीह की ओर से अप ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी टेलवा बाजार हॉल्ट के पास बथुआ नदी पर बने पुल संख्या 676 पर अचानक बेपटरी हो गई। हादसे में मालगाड़ी की तीन बोगियां पुल से नीचे नदी में जा गिरीं, जबकि दो बोगियां पुल पर ही ट्रेन से अलग होकर क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा लगभग एक दर्जन बोगियां आपस में चढ़ते हुए डाउन लाइन पर आ गईं, जिससे दोनों पटरियों पर रेल आवागमन ठप हो गया।

दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। रात का समय और अंधेरा होने के कारण नुकसान का पूरा आकलन देर रात तक नहीं किया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभागों की टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार इस हादसे में मालगाड़ी की कुल 17 बोगियां पटरी से उतर गई हैं। दुर्घटना के बाद झाझा और जसीडीह स्टेशन पर कई ट्रेनें खड़ी कर दी गईं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। आसनसोल रेल मंडल के पीआरओ बिप्लब बोरी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल पर विशेष तकनीकी टीम भेजी जा रही है और रेल परिचालन को बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्टेशन प्रबंधक अखिलेश कुमार, आरपीएफ ओपी प्रभारी रवि कुमार और पीडब्ल्यूआई रणधीर कुमार के घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना है, हालांकि देर रात तक किसी भी अधिकारी ने हादसे के कारणों या नुकसान को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। रेलवे द्वारा जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे।






