
कन्नौज। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए मेहंदीघाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को इस बार बदली हुई यातायात व्यवस्था का सामना करना पड़ेगा। गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और गंगा आरती के दौरान उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन लागू करने की तैयारी की है। इसका उद्देश्य मेहंदीघाट मार्ग पर जाम की स्थिति रोकना और श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखना है।यातायात व्यवस्था में यह बदलाव 23 नवंबर की रात 8 बजे से 24 नवंबर को कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान निर्धारित मार्गों पर वाहनों का संचालन बदला जाएगा। ऐसे में कन्नौज, हरदोई और बिलग्राम की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी कर लेना जरूरी होगा।
हरदोई जाने वाले वाहन चालकों के लिए क्या है नया रास्ता?
यातायात पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कन्नौज से हरदोई की तरफ जाने वाले वाहनों को हरदोई मोड़ से कानपुर रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन अरौल कट से बाईं ओर मुड़कर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।इस वैकल्पिक मार्ग के माध्यम से हरदोई, उन्नाव और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को निकाला जाएगा। वहीं, हरदोई एवं बिलग्राम की तरफ से कन्नौज आने वाले वाहनों को बाहरी क्षेत्र में ही रोककर वैकल्पिक मार्गों से रवाना किया जाएगा, ताकि मेहंदीघाट की ओर जाने वाले रास्ते पर अनावश्यक वाहनों का दबाव न बढ़े।
मेहंदीघाट जाने वाले श्रद्धालु कहां खड़े करेंगे अपने वाहन?
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए प्रशासन की ओर से निर्धारित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। घाट क्षेत्र और प्रमुख संपर्क मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग भी की जाएगी। मुख्य मार्गों अथवा प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा करना यातायात व्यवस्था में बाधा बन सकता है। इसलिए श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की गई है।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर यातायात पुलिस और पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। वाहन चालकों को पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना होगा।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 12 मोटर बोट और 20 गोताखोर रहेंगे तैनात
कार्तिक पूर्णिमा के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने केवल यातायात ही नहीं, बल्कि गंगा घाट पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी व्यापक तैयारियां की हैं।20 नवंबर को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की थी। मेहंदीघाट पर 12 मोटर बोट, 20 गोताखोर और एक प्लाटून फ्लड पीएसी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अतिरिक्त घाट पर वॉच टावर, बैरिकेडिंग, सुरक्षा जाल, चेंजिंग रूम और कंट्रोल रूम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। हरदोई तिराहे से मेहंदीघाट तक प्रकाश व्यवस्था, एंबुलेंस, चिकित्सा सुविधाओं और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
डीएम और एसपी ने किया मेहंदीघाट का निरीक्षण
कार्तिक पूर्णिमा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 22 नवंबर को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मेहंदीघाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, सफाई, पार्किंग, बैरिकेडिंग और आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, जिससे गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यातायात प्रभारी की वाहन चालकों से अपील
यातायात प्रभारी रविशंकर त्रिपाठी ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि डायवर्जन अवधि के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। यातायात पुलिस के निर्देशों की अनदेखी न करें और प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा करने से बचें।उन्होंने श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपेक्षा की है, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।






