दानेश्वर धाम में चोरों ने लगाई सेंध, 70 पीतल के घंटे बरामद; दो गिरफ्तार, एक फरार

कन्नौज/ठठिया। थाना ठठिया क्षेत्र के भुलभुलियापुर गांव में ईशन नदी के किनारे स्थित प्राचीन दानेश्वर धाम मंदिर परिसर में चोरों ने रात के समय सेंध लगाकर बड़ी संख्या में पीतल के घंटे चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद मंदिर से जुड़े लोगों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं की ओर से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।

पीपल के पेड़ पर बंधे थे बड़ी संख्या में घंटे

बताया गया कि दानेश्वर धाम परिसर में स्थित पीपल के पेड़ पर श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने अथवा आस्था के प्रतीक के रूप में पीतल के घंटे बांधते हैं। मंदिर परिसर में ऐसे सैकड़ों घंटे लंबे समय से बंधे हुए हैं। बुधवार रात अज्ञात लोगों ने इन्हीं घंटों को निशाना बनाया और करीब 75 से 80 पीतल के घंटे चोरी कर लिए।घटना की जानकारी सुबह होने पर मंदिर परिसर में पहुंचे लोगों को हुई। इसके बाद भुलभुलियापुर निवासी तुलसीराम पुत्र रामखिलावन ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध दबोचे

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने महसैया बेहटा गांव के पास सड़क पर दो संदिग्धों को पकड़ा। पुलिस ने उनकी पहचान भूरा पुत्र रामचरण निवासी रामपुर, कुसमखोर, कन्नौज और मुनेश पुत्र रामविलास निवासी हिलालपुर, थाना अरौल, कानपुर नगर के रूप में बताई है।

आरोपियों के पास से 70 घंटे बरामद

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 70 पीतल के घंटे बरामद हुए हैं। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को बरामद घंटों सहित न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस का कहना है कि घटना में कुल तीन लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। तीसरा आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

प्राचीन मंदिर होने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी

दानेश्वर धाम को स्थानीय ग्रामीण प्राचीन और आस्था से जुड़ा मंदिर बताते हैं। यहां आसपास के गांवों के लोग मनोकामना पूरी होने पर घंटा चढ़ाते हैं। पीपल के पेड़ पर बड़ी संख्या में घंटों के बंधे होने के कारण यह स्थान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र माना जाता है। चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

फरार आरोपी की तलाश जारी

ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार, मामले में तीन आरोपियों के शामिल होने की जानकारी मिली है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक वांछित आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *