कन्नौज में अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अलीनगर के पास उस समय हुआ जब एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के तुलापुरवा गांव निवासी 30 वर्षीय अरुण अपने 54 वर्षीय साथी अनवर के साथ तालग्राम क्षेत्र में रिश्तेदारी से वापस घर लौट रहे थे। अलीनगर के समीप पहुंचते ही सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने नियंत्रण खो दिया और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान अनवर ने दम तोड़ दिया, जबकि अरुण का इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तिर्वा कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।






