सौरिख हत्याकांड का खुलासा, वांछित पिता-पुत्र को पुलिस ने अंडरपास से पकड़ा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख थाना क्षेत्र में खेत में पानी भरने को लेकर हुए विवाद में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 15 फरवरी 2026 की रात नगला वीरभान गांव में हुई थी। गांव निवासी चंद्रपाल अपने खेत में समर पंप से सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान पानी पास के खेत में पहुंच गया, जिससे पड़ोसी खेत में लगी आलू और मक्का की फसल को नुकसान होने की बात सामने आई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान ताहर सिंह (62) और उनके पुत्र पवन (40) ने मिलकर चंद्रपाल पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई इन्दल सिंह की तहरीर पर 16 फरवरी 2026 को थाना सौरिख में आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक कन्नौज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सौरिख थाना पुलिस ने 18 फरवरी 2026 को नगला वीरभान अंडरपास के पास से दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।





