तिर्वा में एसडीएम का परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण, नकल रोकने के दिए सख्त निर्देश
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से तिर्वा के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजेश कुमार ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने कस्बे के डीएन कॉलेज, किसान कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर तथा इंदरगढ़ क्षेत्र के सहियापुर इंटर कॉलेज का दौरा कर केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। साथ ही उन्होंने पेयजल, स्वच्छता और बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। किसी भी परीक्षार्थी अथवा कर्मचारी को इन्हें अंदर लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र परिसर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रखा जाए।
एसडीएम ने परीक्षार्थियों की प्रवेश के समय सघन तलाशी लेने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्राओं की तलाशी केवल महिला कर्मियों द्वारा ही ली जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नकल या अनुचित साधनों के उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हों, जिसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।





