कन्नौज में दो सड़क दुर्घटनाओं में 43 घायल, 102/108 एम्बुलेंस की त्वरित सेवा से बची कई जानें

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई और 102/108 एम्बुलेंस सेवाओं की सक्रियता से कुल 43 घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों के अनुसार दोनों घटनाओं में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की तत्परता को दर्शाता है।

पहली दुर्घटना जी.टी. रोड स्थित छिबरामऊ क्षेत्र के ग्राम सरायसुन्दर के पास हुई, जिसमें 9 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस सेवाओं ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय छिबरामऊ में भर्ती कराया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को बेहतर उपचार के लिए डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया, जबकि एक घायल को कानपुर भेजा गया।

दूसरी घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के नागला खेमकरन क्षेत्र में बस दुर्घटना के रूप में सामने आई, जिसे मल्टी कैजुअल्टी इंसीडेंट घोषित किया गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं को सक्रिय करते हुए कुल 8 एम्बुलेंस घटनास्थल पर भेजीं। त्वरित कार्रवाई करते हुए 34 घायलों को सुरक्षित रूप से विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि मामूली रूप से घायल लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एम्बुलेंस कर्मियों, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ के बेहतर समन्वय तथा समयबद्ध कार्यवाही के कारण सभी घायलों को शीघ्र उपचार मिल सका और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने कहा कि जनपद में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं, ताकि दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में लोगों को तुरंत सहायता मिल सके।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News