पं. दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव सम्पन्न, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

संवाद 24 संवाददाता। फतेहपुर जसोदा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन भी हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विष्णुकांत गुप्ता एवं विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिला संयोजक डॉ. प्राची गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती गीता पाठक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. प्राची गुप्ता ने मेधावी विद्यार्थियों, राज्य स्तरीय खिलाड़ियों, विज्ञान प्रतियोगिता के प्रतिभागियों तथा कला एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने की प्रेरणा दी तथा उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विदाई समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. विष्णुकांत गुप्ता ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को निर्भीक होकर और पूर्ण आत्मविश्वास के साथ परीक्षाओं में सम्मिलित होने की सलाह दी।

इस अवसर पर सस्मित कुमार द्विवेदी, संदीप कुमार शर्मा, रचना वर्मा, राजकुमार, आकाश गुप्ता, अंकुर भट्ट, गीता देवी, संदीप सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News