कन्नौज में 18 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू, 96 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

संवाद 24 संवाददाता। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 96 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने नकल रोकने और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की है।

जिला अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा संचालन के लिए 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 96 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

निर्देशानुसार सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट दोनों पालियों में नियमित रूप से केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।

परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, पेजर सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी परीक्षार्थी के पास ऐसे उपकरण पाए जाने पर उन्हें जब्त किया जाएगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी रोक रहेगी।

प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान जिले को तीन प्रशासनिक जोनों में विभाजित किया है, जहां संबंधित एसडीएम नोडल मजिस्ट्रेट के रूप में शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालेंगे और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएंगे।

जिला प्रशासन ने परीक्षा अवधि में जिले भर में धारा 144 लागू रखने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जा सकें।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News