आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आंवला से भरी डीसीएम पलटी, चालक सुरक्षित
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब आंवला से भरी एक डीसीएम का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना तालग्राम थाना क्षेत्र के भीखमपुर सानी गांव के पास किलोमीटर संख्या 161 के निकट हुई।
बताया जा रहा है कि डीसीएम आगरा की ओर से लखनऊ जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में चल रहे वाहन का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा।
वाहन चालक की पहचान राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी विशाल पुत्र नन्हेलाल के रूप में हुई है। चालक के अनुसार, वह राजस्थान से आंवला लादकर लखनऊ जा रहा था। वाहन पलटने के बावजूद सीट बेल्ट लगाए होने के कारण उसे गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया।
सूचना मिलने पर एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम और तालग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और सड़क पर बिखरे आंवला को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।






