सुनवाई स्थलों पर व्यवस्थाओं की जांच, परिवार रजिस्टर की नकल तुरंत जारी करने के आदेश
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के अंतर्गत नोटिस सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट अर्पित कुमार ने विकास खंड कन्नौज तथा जलालाबाद में सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा संचालित सुनवाई केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी नामित अधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहें ताकि सुनवाई प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके और किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सुनवाई स्थलों पर आने वाले मतदाताओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, छाया तथा पार्किंग सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के संपर्क नंबर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि वे मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी समय रहते उपलब्ध कराएं, ताकि सुनवाई के दौरान किसी भी आवेदक को दस्तावेजों की कमी के कारण वापस न लौटना पड़े।
इसके अतिरिक्त, दोनों विकास खंडों के सहायक पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परिवार रजिस्टर की नकल के लिए प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतियां तत्काल जारी की जाएं तथा आवेदकों को आवश्यक दस्तावेजों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए।






