कन्नौज से लखनऊ तक चक्का जाम की चेतावनी, ब्लाक प्रमुख पति के खिलाफ 48 घंटे का अल्टीमेटम

संवाद 24 संवाददाता। ब्लाक प्रमुख पति और एक सरकारी ठेकेदार के बीच विवाद बढ़ने के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक तनाव का रूप लेता जा रहा है। ठेकेदार के समर्थन में लोधी-राजपूत समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कार्रवाई न होने पर कन्नौज से लखनऊ तक चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।

बताया जा रहा है कि तालग्राम ब्लाक प्रमुख सुमन सिंह के पति और भाजपा नेता राजीव ठाकुर उर्फ पुच्ची तथा छिबरामऊ निवासी सरकारी ठेकेदार रूपेंद्र राजपूत के बीच विवाद हुआ था। ठेकेदार रूपेंद्र राजपूत ने 5 फरवरी को गुरसहायगंज कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उनका अपहरण कराने, मारपीट करने और धमकी देने की घटना में राजीव ठाकुर और उनके भतीजे का हाथ है। उन्होंने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत के बाद पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया था, लेकिन आरोप है कि अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही ठोस कार्रवाई हुई। इसी से नाराज होकर रूपेंद्र राजपूत और उनके समर्थकों ने तालग्राम क्षेत्र के महानगर गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर बैठक आयोजित की, जिसमें कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता और समाज के लोग शामिल हुए।

बैठक में मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कन्नौज से लखनऊ तक सड़क जाम कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। मामले को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News