परिवार रजिस्टर नकल को लेकर विवाद, महिलाओं का पंचायत भवन पर प्रदर्शन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिघौली में परिवार रजिस्टर की नकल बनवाने को लेकर विवाद सामने आया है। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि नकल जारी करने के लिए प्रति व्यक्ति 200 रुपये की मांग की जा रही थी, जिसके विरोध में उन्होंने पंचायत भवन परिसर में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना है कि पंचायत घर माधोनगर गांव में स्थित है और वहां नकल तैयार कराने के नाम पर उनसे रुपये मांगे गए। महिलाओं का आरोप है कि पैसे न देने पर उनके कार्य में अनावश्यक देरी की जा रही थी, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विरोध प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने यह भी कहा कि घटना के दौरान हुई कथित टिप्पणी से वे आहत हुई हैं और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए स्पष्ट व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।
वहीं, पंचायत सचिव बन्नाम सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि पंचायत भवन में उस समय महिलाओं की संख्या अधिक होने के कारण कुछ अव्यवस्था की स्थिति बन गई थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए सभी से शांत रहने की अपील की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति से कोई शुल्क नहीं लिया गया है और परिवार रजिस्टर की नकल सहित सभी कार्य नियमानुसार निशुल्क किए जाएंगे।
प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी ली जा रही है और आवश्यकतानुसार जांच की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।






