दो माह से अंधेरे में भगतपुरवा, बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा तहसील की पट्टी ग्राम पंचायत के भगतपुरवा गांव में बीते दो महीनों से बिजली आपूर्ति ठप है। गांव का ट्रांसफार्मर खराब पड़े होने के कारण पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से पीने के पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रात के समय अंधेरे के कारण चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी हुई है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर ठीक कराने के नाम पर एक लाइनमैन द्वारा पैसों की मांग की गई। ग्रामीणों के अनुसार अनुराग, संतोष, रामप्रकाश, राजू, राजाराम, जमुना प्रसाद, विक्रम, अरविंद और मोहनी गुप्ता सहित कई उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिल समय से जमा कर दिए हैं, इसके बावजूद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बंद है।
इस संबंध में बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) आनंद कुमार ने बताया कि वर्तमान में बिजली बिल जमा करने के लिए छूट योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांव के कई कनेक्शन धारकों द्वारा अब तक बिल जमा नहीं किए गए हैं। जेई के अनुसार सभी बकाया बिल जमा होने के बाद ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई, तो पूरा गांव सामूहिक रूप से धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगा।






