कन्नौज में पति-पत्नी के बीच दर्ज हुई दो एफआईआर, महिला ने एसपी से मांगा न्याय

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम कस्बे में पति-पत्नी के बीच चल रहा घरेलू विवाद अब कानूनी लड़ाई में तब्दील हो गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसी क्रम में महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पति द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट को झूठा बताते हुए न्याय की मांग की है।

तालग्राम निवासी अगम सिंह की पत्नी स्वाति सिंह ने 21 दिसंबर को पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अगले ही दिन 22 दिसंबर को पति अगम सिंह ने भी पत्नी स्वाति सिंह, साली और सास के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया।

गुरुवार को स्वाति सिंह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने पति की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर को पूरी तरह निराधार बताया। स्वाति का कहना है कि जिस समय विवाद हुआ, उस समय उनकी मां मौके पर मौजूद ही नहीं थीं, इसके बावजूद उनका नाम मुकदमे में शामिल कर दिया गया है।

स्वाति सिंह ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि उनकी बहन एमएससी की पढ़ाई कर रही है और मुकदमे में नाम आने के कारण वह मानसिक तनाव से गुजर रही है। उन्होंने अपनी बहन का नाम मुकदमे से हटाने की मांग करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की।

मामले को संज्ञान में लेते हुए बिनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक कन्नौज ने महिला को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच तथ्यों के आधार पर की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *