कन्नौज में ‘नो मैपिंग’ मतदाताओं के नोटिसों पर सुनवाई जारी, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश

संवाद 24 कन्नौज। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत ‘नो मैपिंग’ श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं को जारी नोटिसों पर सुनवाई का सिलसिला जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा तहसील कन्नौज स्थित सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यह सुनवाई 21 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुई है, जिसे सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नियमानुसार निस्तारित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी राकेश कुशवाहा के न्यायालय कक्ष का अवलोकन किया गया। यहां बूथ संख्या 336 और 337 से संबंधित बीएलओ उपस्थित रहे, जबकि 12 मतदाताओं ने अपने नोटिसों के संबंध में अभिलेख प्रस्तुत किए। वहीं, बूथ संख्या 346 और 347 के कुल 28 मतदाता सुनवाई में शामिल हुए और आवश्यक दस्तावेज जमा किए।

इसके अतिरिक्त, नायब तहसीलदार कन्नौज भारत कुमार मौर्य के न्यायालय कक्ष में भी नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया जारी रही। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सुनवाई के दौरान किसी भी मतदाता को अनावश्यक असुविधा न हो और किसी को बिना कारण रोका न जाए। उन्होंने सुनवाई स्थलों पर बैठने की समुचित व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

साथ ही, आयोग द्वारा निर्धारित 13 अभिलेखों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या में कमी आई है। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के लिंगानुपात में सुधार के लिए अधिक से अधिक महिला मतदाताओं, विशेषकर युवा महिलाओं, का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। वर्तमान में जनपद का लिंगानुपात 805 दर्ज किया गया है।

निरीक्षण एवं सुनवाई के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर वैशाली, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News