तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, डीएलएड परीक्षा देने जा रहे पिता-पुत्र घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद फर्रुखाबाद के बढ़पुर विकास खंड क्षेत्र में रविवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, कादरीगेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला विकास नगर निवासी नित्यानंद सिंह चौहान अपने पुत्र अनुरूद्र प्रताप सिंह के साथ बाइक से डीएलएड की परीक्षा दिलाने जा रहे थे। अनुरूद्र की परीक्षा सोमवार को निर्धारित थी। रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है और आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मामले की जानकारी घायल छात्र द्वारा दी गई है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






