फर्रुखाबाद में शीतलहर का कहर, तापमान 9 डिग्री पर सिमटा, कड़ाके की ठंड से स्कूल दो दिन बंद
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। बीते तीन दिनों से सूर्य के दर्शन नहीं हुए हैं, जिससे ठंड के साथ-साथ गलन और ठिठुरन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
स्कूलों में दो दिन का अवकाश
तेज सर्दी और शीतलहर को देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में सोमवार और मंगलवार का अवकाश घोषित किया गया है। सुबह के समय घना कोहरा और दिनभर ठंडी हवाओं के चलते बच्चों और अभिभावकों को राहत देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया।
गलन और ठंडी हवाओं से बढ़ी परेशानी
हालांकि पिछले दिनों घना कोहरा छाया रहा, लेकिन बीते दो दिनों से गलन ने हालात और खराब कर दिए हैं। ठंडी हवाओं के कारण लोग सुबह से शाम तक अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग ठंड से बचने के लिए आग तापते दिखे।
किसानों की बढ़ी चिंता
किसानों का कहना है कि पाला पड़ने की आशंका फसलों के लिए नुकसानदेह हो सकती है। गेहूं, आलू और सरसों की फसल पर पाले का असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, जानकारों के अनुसार कोहरा गेहूं की फसल के लिए कुछ हद तक लाभकारी माना जाता है।
बाजारों में सन्नाटा
कड़ाके की ठंड का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही। सुबह करीब 8 बजे फर्रुखाबाद–फतेहगढ़ मार्ग पर आवाजाही काफी कम देखी गई, जिससे ठंड की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में शीतलहर से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं। प्रशासन ने लोगों से ठंड से बचाव के उपाय अपनाने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।






