धान से भरा ट्रक पलटा, सात दुकानों को नुकसान, कोहरे के चलते हुआ हादसा, करीब दो लाख रुपये की क्षति
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद–बदायूं स्टेट हाईवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से धान लादकर हरियाणा जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में सड़क किनारे लगे सात ठेली-खोखे आ गए। हादसे में दुकानों को भारी नुकसान हुआ है, जबकि ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले के बरौली गांव निवासी दीपक ट्रक लेकर लखनऊ से हरियाणा जा रहे थे। अमृतपुर थाना क्षेत्र के राजपुर कस्बे के पास घने कोहरे के कारण वाहन चालक को झपकी आ गई, जिससे ट्रक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में सबसे अधिक नुकसान पान मसाला और चॉकलेट की दुकान चला रहे रफी को हुआ, जिनका करीब एक लाख रुपये का सामान नष्ट हो गया। इसके अलावा फास्ट फूड विक्रेता रजनीश और परचून दुकानदार कृपाल को लगभग 20-20 हजार रुपये का नुकसान हुआ। बुक डिपो संचालक ब्रजेश पाठक की टीन शेड दुकान को करीब 35 हजार रुपये की क्षति पहुंची। अन्य दुकानदारों को भी हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों की मदद से चालक को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।






