कैश लूट के दो फरार आरोपी दबोचे गए: 5.32 लाख नकद, पिस्तौल और कारतूस बरामद; पूरी रकम रिकवर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में रेडिएंट कंपनी के कैश कलेक्शन कर्मी से हुई लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से 5 लाख 32 हजार 888 रुपये नकद, एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मंगलवार शाम प्रेस वार्ता में बताया कि यह लूट की वारदात 15 दिसंबर को कादरी गेट थाना क्षेत्र में हुई थी। बाइक सवार बदमाशों ने रेडिएंट कंपनी के कैश कलेक्शन कर्मी राजेश कुमार को गोली मारकर कैश से भरा बैग लूट लिया था। गोली लगने से वह घायल हो गया था।

पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब फरार चल रहे निखिल कुमार और मनीष सिकरवार को मथुरा जनपद के बलदेव थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
यह संयुक्त कार्रवाई एसओजी, सर्विलांस टीम और कादरी गेट थाना पुलिस ने की। गिरफ्तार आरोपियों से मिली रकम को जोड़कर अब तक लूट की पूरी 7 लाख 17 हजार 388 रुपये की राशि बरामद कर ली गई है। पहले पकड़े गए आरोपी कपिल कुमार के पास से भी 1 लाख 84 हजार 500 रुपये मिल चुके थे।
पुलिस ने बताया कि लूटा गया बैग भी बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।






