राम नगरिया मेले पर ड्रोन से रहेगी नजर : मेला क्षेत्र में बनेगी कोतवाली व 11 चौकियां, सुरक्षा इंतजामों का लिया गया जायजा

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर लगने वाले श्रीराम नगरिया मेले की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला क्षेत्र की निगरानी इस बार ड्रोन कैमरों से की जाएगी। यह मेला 3 जनवरी से करीब एक महीने तक चलेगा, जिसमें देशभर से संत और श्रद्धालु कल्पवास के लिए पहुंचते हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने सीओ सिटी के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेला क्षेत्र में एक अस्थायी कोतवाली के साथ कुल 11 पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। साथ ही पुलिसकर्मियों के ठहरने, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा बल की तैनाती पिछले साल से अधिक रहेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन कंपनी पीएसी की मांग की गई है। इसके अलावा बाढ़ राहत दल और एसडीआरएफ की एक-एक कंपनी भी तैनात करने का प्रस्ताव भेजा गया है। जनपद के पुलिस बल के साथ आसपास के जिलों से अतिरिक्त फोर्स भी बुलाया जाएगा।

एएसपी ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र पर ड्रोन से लगातार नजर रखी जाएगी। पिछले वर्ष बनाए गए 6 वॉच टावरों की संख्या इस बार बढ़ाई जाएगी और उन्हें घाटों की स्थिति के अनुसार लगाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेले के लेआउट और चल रहे कार्यों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News