फर्रुखाबाद में दर्दनाक हादसा : ईंट उतारते समय ट्रैक्टर की चपेट में आया छात्र, मौके पर मौत; चालक फरार

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के कटिया गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। घर के निर्माण कार्य के लिए लाई गई ईंटें उतारते समय एक छात्र ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक कटिया गांव निवासी शाह आलम के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली घर पहुंची। चालक जब ट्रैक्टर को पीछे कर रहा था, तभी शाह आलम का बेटा शाहजान अचानक उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों के एकत्र होते ही चालक मौके से भाग निकला। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर अमरेश कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक शाहजान हाईस्कूल का छात्र था और दस भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर था। बेटे की मौत से पिता शाह आलम और मां गुड्डी बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *