हिंदू एकजुटता से ही सनातन मजबूत होगा: महामंडलेश्वर प्रबोधानंद गिरी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता हरिद्वार से आए महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरी ने कहा है कि हिंदुओं की एकता से ही सनातन धर्म को सशक्त और व्यापक बनाया जा सकता है। उन्होंने यह बात बढ़पुर स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
हिंदू रक्षा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रबोधानंद गिरी ने बताया कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना और सनातन मूल्यों का संरक्षण व विस्तार करना है। उनका कहना था कि जब हिंदू समाज एकजुट होकर आगे बढ़ेगा, तभी सनातन परंपरा को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने जातिगत भेदभाव समाप्त करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी वर्गों को एक साझा पहचान—‘सनातनी’—के तहत जोड़ना समय की आवश्यकता है। मंदिरों और शिवालयों को हिंदू समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उन्होंने इनके संरक्षण को प्रत्येक सनातनी का कर्तव्य बताया।
महामंडलेश्वर ने कहा कि काशी से मथुरा तक हिंदू विरासत के संरक्षण और पुनर्स्थापन का प्रयास जारी है। उनका विश्वास है कि न्यायालयों में लंबित मामलों में भी शीघ्र निर्णय आएगा, जिससे ऐतिहासिक धरोहरों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।






