
संवाद 24, फर्रुखाबाद जिले के कम्पिल नगर में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। तड़के से ही कोहरे की मोटी परत के कारण सड़कों पर दृश्यता घटकर करीब 10 मीटर रह गई, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
घने कोहरे का असर प्रमुख मार्गों के साथ-साथ ग्रामीण सड़कों पर भी देखने को मिला। वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर अत्यंत धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, जिससे आवागमन में देरी हुई।
ग्रामीण इलाकों में खेतों की ओर जाने वाले किसानों को कोहरे और गलन के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। ठंड और कम दृश्यता के चलते सुबह के समय कृषि कार्य प्रभावित रहे। वहीं, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में कम रही, जिससे कुछ समय तक नगर में सन्नाटा पसरा रहा।
मौसम की इस स्थिति के चलते सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रही। प्रशासन और यातायात से जुड़े लोगों ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित गति बनाए रखने की अपील की है।






