नवाबगंज में अलाव की व्यवस्था नदारद, कड़ाके की ठंड में लोग बेहालफुटपाथ पर रात गुजारने वालों पर ठंड भारी, नगर पंचायत पर उठे सवाल
Share your love

संवाद 24, फर्रूखाबाद । नवाबगंज में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, लेकिन नगर पंचायत की ओर से अब तक अलाव की कोई व्यवस्था न किए जाने से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। खासकर फुटपाथ पर रात गुजारने वाले लोग, चौकीदार और राहगीर ठंड से बुरी तरह ठिठुरने को मजबूर हैं।
नगर में तापमान लगातार गिरने के बावजूद प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव नहीं जलाए गए हैं। इससे न केवल रात में निकलने वाले राहगीरों को परेशानी हो रही है, बल्कि खुले में सोने वालों के लिए ठंड जानलेवा साबित हो सकती है।
स्थानीय निवासी अनिल राठौर, अभिषेक कुमार, शिवम, चुन्नू, गौरव, नितिन और अरमान ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर साल सर्दी के मौसम में अलाव की व्यवस्था की जाती है, लेकिन इस बार प्रशासन पूरी तरह उदासीन नजर आ रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की लापरवाही के कारण गरीब, मजदूर और बेसहारा लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। अलाव न होने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर पंचायत तत्काल प्रभाव से नगर के प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करे, ताकि ठंड से राहत मिल सके। वहीं, इस मुद्दे पर नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी भी सवाल खड़े कर रही है।
अब देखना होगा कि बढ़ते जनआक्रोश के बीच प्रशासन कब जागता है और ठंड से जूझ रहे लोगों को राहत मिलती है या नहीं।






