शादी वाले दिन दूल्हे की नाक में फंसा मांझा, तीन टांके लगे
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में प्रशासन की ओर से पाबंदी के बावजूद सड़कों पर चल रहे चाइनीज मांझे ने एक युवक को घायल कर दिया। घायल युवक शाम को बरात लेकर दूल्हा बनने वाला था, लेकिन दोपहर में उसकी नाक में मांझा फंस गया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन टांके लगाए गए।
बहन के साथ बाजार जाते समय हुआ हादसा
घटना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के निवासी 26 वर्षीय शिवम यादव के साथ हुई। शुक्रवार को उसकी शादी थी। शिवम अपनी बहन के साथ बाइक से शादी के सामान की खरीददारी के लिए बाजार जा रहा था। मिशन अस्पताल के पास अचानक बाइक सवार शिवम की नाक पर पतंग का मांझा लटक गया और तेजी के कारण वह नाक में गहराई तक धंस गया।
बाल-बाल बचे दोनों, अस्पताल में भर्ती
बताया गया कि मांझा चेहरे और गले को काटते हुए नाक में फंस गया। हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होते-होते बच गई। राहगीरों की मदद से शिवम अपनी बहन सहित सुरक्षित वहां से नीचे उतरा। शिवम को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया। यहां शाम 4:30 बजे डॉ. राममिलन ने उसका उपचार किया और नाक पर तीन टांके लगाए।
चाइनीज मांझे पर कार्रवाई की मांग
शिवम के परिजनों ने कहा कि चाइनीज मांझे पर प्रशासन सख्ती करे, ताकि किसी की जान को खतरा न हो। घायल युवक का कहना है कि खुशियों के दिन वह बाल-बाल बचा, लेकिन शहर में खुलेआम मांझा बिकना लोगों के लिए खतरा बना हुआ है।






