फर्रुखाबाद में पति-पत्नी ने जहर खाया, शादी के खर्च को लेकर हुआ विवाद; दोनों की हालत स्थिर
Share your love

संवाद 24 | फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के अर्जुन नगला में सोमवार को एक दंपती ने आपसी विवाद के बाद कीटनाशक पी लिया। बेटी की शादी के खर्च को लेकर बहस बढ़ने पर दोनों ने यह कदम उठा लिया। गंभीर हालत में उन्हें लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अर्जुन नगला निवासी संतराम और उनकी पत्नी सुशीला के बीच रुपए को लेकर विवाद हुआ था। सुशीला का आरोप है कि पति रोजाना शराब पीकर मारपीट करते हैं। शादी के कार्यक्रम के बाद भी उन्हाेंने विवाद किया और मारपीट की। इससे आहत होकर सुशीला ने खेतों में डाला जाने वाला कीटनाशक पी लिया। उसी वक्त संतराम ने भी बचा हुआ कीटनाशक निगल लिया।
संतराम का कहना है कि उन्होंने पत्नी से शादी में हुए खर्च का हिसाब पूछा था और टेंट वालों को भुगतान करने के लिए बचे हुए पैसे मांगे थे। इस बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने जहर खा लिया।
लोहिया अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों मरीज़ों को समय पर अस्पताल लाया गया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।






