फर्रुखाबाद में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, दो महीने से घर में अकेला रह रहा था अर्जुन

जिले के शमसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पासियापुर में 30 वर्षीय युवक की फांसी लगाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन उर्फ भूरे के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह पिछले करीब दो महीने से घर में अकेला रह रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों और परिजनों में हलचल मच गई। फिलहाल युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

घर में अकेला रह रहा था युवक

ग्राम प्रधान नरसिंह के अनुसार, अर्जुन की पत्नी सुखरानी अपने चार बच्चों रमन, रागिनी, सौम्या और गगन के साथ पंजाब में रहकर मजदूरी करती है। वहीं, अर्जुन की मां धनदेवी अपने दूसरे बेटे अमरपाल के साथ हिमाचल प्रदेश में रहती हैं। इस वजह से अर्जुन पिछले दो महीने से गांव स्थित अपने मकान में अकेला रह रहा था।

रात में मिली घटना की जानकारी

बताया गया है कि अर्जुन ने अपने मकान में फांसी लगा ली। दरवाजा खुला होने के कारण रात में ही कुछ लोगों को घटना की जानकारी हो गई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, शव रात करीब आठ बजे से अगले दिन दोपहर दो बजे तक फंदे पर लटका रहा। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी के अनुसार, पत्नी के आने और पंचनामा संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आत्महत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस

युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मौत से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *