
फर्रुखाबाद में गुरुवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की पहली पाली समाप्त होते ही शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। परीक्षा केंद्रों से एक साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के बाहर निकलने और निजी वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। प्रदेशभर में टीईटी परीक्षा 2 से 4 जुलाई तक विभिन्न पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसके चलते बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विभिन्न जिलों के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे हैं।
दोपहर करीब 12 बजे पहली पाली समाप्त होने के बाद फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग पर यातायात का दबाव अचानक बढ़ गया। बद्री विशाल डिग्री कॉलेज और क्रिश्चियन इंटर कॉलेज सहित प्रमुख परीक्षा केंद्रों से एक साथ अभ्यर्थियों के निकलने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते बद्री विशाल डिग्री कॉलेज से लेकर बढ़पुर देवी मंदिर के आगे तक सड़क जाम की चपेट में आ गई।जाम के कारण दोपहिया, चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा और रोडवेज बसें भी फंस गईं। कई यात्रियों को निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की धीमी रफ्तार के चलते आम नागरिकों के साथ स्थानीय व्यापारियों और स्कूली बच्चों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
यातायात का दबाव केवल फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग तक सीमित नहीं रहा। कादरी गेट चौराहे पर भी वाहन आड़े-तिरछे फंसने से जाम की स्थिति बन गई, जिससे पांचाल घाट जाने वाला मार्ग कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित हो गया। वहीं मसेनी रोड पर भी करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। इसके अलावा आवास विकास तिराहा से नेकपुर पुल के पहले तक भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां स्कूलों की छुट्टी के समय बढ़े यातायात ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
जाम की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य बनाने के लिए मोर्चा संभाल लिया। फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग पर यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार स्वयं पुलिसकर्मियों के साथ वाहनों को व्यवस्थित कराते नजर आए। पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर यातायात का संचालन कर धीरे-धीरे जाम खुलवाया।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ बाहर निकलने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और कुछ ही देर में यातायात को सामान्य कर दिया। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अधिक भीड़भाड़ के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन खड़े न करें।






