राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नए जिला कार्यालय भवन निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, लिंटर कार्य पूर्ण

फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आवास विकास स्थित जिला कार्यालय के निर्माण कार्य में बुधवार को एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ। आज प्रातः जिला कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन भवन के लिंटर कार्य का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह के वातावरण में हुआ। इस दौरान संघ कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति रही।

लिंटर कार्य का विधिवत शुभारंभ जिला प्रचारक श्री मानवेन्द्र जी एवं पूर्व जिला संघचालक डॉ. सुबोध जी द्वारा पूजन-अर्चन के साथ किया गया। आचार्य सर्वेश जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने उपस्थित कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह का संचार किया। इस दौरान संगठन से जुड़े स्वयंसेवकों ने निर्माण कार्य में सहयोग करते हुए सामूहिक सहभागिता का परिचय दिया।

निर्माण स्थल पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बताया कि निर्माणाधीन जिला कार्यालय भविष्य में संघ की गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। यहाँ से जिले भर में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और सेवा कार्यों का संचालन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं के अनुसार यह भवन केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि संगठनात्मक समन्वय, वैचारिक संवाद और सामाजिक गतिविधियों के संचालन का महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगा।

निर्माण कार्य के दौरान कार्यकर्ताओं ने श्रमदान एवं व्यवस्थाओं में सहयोग देकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को भी प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भवन निर्माण कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। लेंटर कार्य पूर्ण होने के बाद पूरे परिसर में हर्ष का वातावरण देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने शीघ्र भवन के पूर्ण निर्माण की कामना की।

इस दौरान मा. जिला संघचालक उमेश कटियार, विशम्भर दयाल, रविशंकर, ओमप्रकाश तिवारी, दीपक गुप्ता, अभय चौहान, ओमप्रकाश त्रिपाठी, चंद्रप्रकाश, नवीन कटियार, आयुष कटियार, वीर सिंह, पवन, आकाश सक्सेना एवं ज्योति प्रकाश सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

संघ कार्यकर्ताओं ने बताया कि निर्माणाधीन कार्यालय भवन आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है, जिससे संगठनात्मक बैठकों, प्रशिक्षण वर्गों एवं सामाजिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा प्राप्त होगी। स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी इस कार्य को संगठन की दीर्घकालिक आवश्यकता बताते हुए इसे जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना।

भवन निर्माण के इस चरण के पूर्ण होने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News