नौ माह बाद मिले कंकाल पर उबाल, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में युवक ओमवीर सिंह के कंकाल मिलने के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक रंग ले लिया है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हत्या के मामले में पुलिस ने शुरुआत में गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके कारण पूरे मामले का खुलासा होने में लगभग नौ माह लग गए।

मोदी राठौर युवा सेना के नेतृत्व में प्रदर्शन

मोदी राठौर युवा सेना के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर पाल सिंह राठौर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम अतिरिक्त को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि मृतक ओमवीर सिंह की पत्नी धर्मशिला ने पहले ही पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय केवल तस्करा डालकर मामले को हल्के में लिया। बाद में दबाव बढ़ने पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

तीन आरोपी जेल में, तीन अब भी फरार

मामले में पुलिस ने रामू यादव, सुरजीत यादव और देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फरार आरोपी लगातार मृतक के परिवार पर दबाव बना रहे हैं, जिससे धर्मशिला और उनके परिजनों को जान का खतरा बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की धीमी कार्रवाई के कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

गैंगस्टर एक्ट और बुलडोजर कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में ग्रामीणों ने सभी छह आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से देवेंद्र यादव का नाम लेते हुए कहा कि उसके खिलाफ जिले के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व प्रधान भी रह चुका है। ग्रामीणों ने उसकी आय से अधिक संपत्ति की जांच कराने और आरोपियों की संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई करने की भी मांग उठाई।

कलेक्ट्रेट में बैनर लेकर पहुंचे ग्रामीण

कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे ग्रामीण हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि वे मृतक परिवार को न्याय दिलाने तक संघर्ष जारी रखेंगे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News