
हापुड़ में आयोजित अंडर-19 आयु वर्ग की राज्य स्तरीय महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता में फर्रुखाबाद की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। 64 किलोग्राम भार वर्ग में अनन्या माथुर ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जबकि अन्नू राजपूत ने कांस्य पदक हासिल कर जिले को दोहरी खुशी दी। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ अन्य राज्यों से भी खिलाड़ी शामिल हुए थे, जिससे मुकाबले काफी चुनौतीपूर्ण रहे।
कड़े मुकाबलों के बीच अनन्या ने दिखाया दम
हापुड़ के मूलचंद त्यागी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न भार वर्गों में हुए मुकाबलों में अनन्या माथुर ने शानदार तकनीक और आत्मविश्वास के साथ कई मुकाबले जीतते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। फाइनल में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा, लेकिन उनके प्रदर्शन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वह जिले की उभरती हुई मुक्केबाज हैं।
पहले भी जीत चुकी हैं कई पदक
अनन्या माथुर इससे पहले भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। वर्ष 2024 में प्रयागराज में आयोजित जूनियर बालिका मुक्केबाजी प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। वहीं 2025 में लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी बालिका मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भी वह स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हो चुकी हैं। ऐसे में हापुड़ में मिला यह रजत पदक उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
अन्नू राजपूत ने भी बढ़ाया जिले का मान
अनन्या के साथ फर्रुखाबाद की अन्नू राजपूत ने भी दमदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। अन्नू का यह प्रदर्शन जिले की महिला मुक्केबाजी के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
खिलाड़ियों के स्वागत की तैयारी
महिला मुक्केबाजों की इस उपलब्धि पर जिला बॉक्सिंग संघ में खुशी का माहौल है। संघ के अध्यक्ष मोहन अग्रवाल, सचिव संजीव कटियार, कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन कटियार, सचिन सिंह, निशा परिहार, अनुज वर्मा और पूनम शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है। अध्यक्ष मोहन अग्रवाल ने बताया कि जनपद लौटने पर पदक विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा।






