खेत में बिछा मौत का जाल: करंट से युवक की मौत, मारपीट-पथराव से मचा हड़कंप
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के एक गांव में खेत की रखवाली के लिए लगाए गए लोहे के तारों में छोड़े गए अवैध बिजली करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद खेत मालिक और मृतक के परिजनों के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम आरापूरा पहाड़पुर निवासी 40 वर्षीय सर्वेश यादव पुत्र दुशासन यादव, पहाड़पुर स्थित सचिन यादव की सब्जी आढ़त पर कर्मचारी थे। मृतक के भाई देवेंद्र यादव के मुताबिक, बुधवार शाम करीब आठ बजे सर्वेश यादव आढ़त से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान बहादुरगंज निवासी एकलव्य पुत्र रामलाल के खेत में लगे लोहे के तारों में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी परिजनों को गुरुवार सुबह मिली। वे मौके पर पहुंचे तो सर्वेश यादव का शव खेत में पड़ा मिला। इसी दौरान खेत मालिक और परिजनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में तब्दील हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना मऊदरवाजा के एसएसआई वीरेंद्र सिंह, दर्शन सिंह, कादरी गेट थाना अध्यक्ष कपिल चौधरी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गेहूं की फसल की रखवाली के लिए हनुमान मंदिर के पास गांव जाने वाले रास्ते से बिजली के खंभे से अवैध कनेक्शन लेकर खेत के तारों में करंट छोड़ा गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा कई बार बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे नाराजगी देखने को मिली। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार और तहसीलदार सनी कन्नौजिया ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। प्रथम दृष्टया मौत का कारण करंट लगना पाया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।






