कैरियर की चिंता बनी मौत की वजह, 27 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या

संवाद 24 संवाददाता। जनपद फर्रुखाबाद के थाना जहानगंज क्षेत्र अंतर्गत गांव नगला तरा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। मानसिक तनाव से जूझ रहे 27 वर्षीय युवक ने आम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह खेतों में काम करने पहुंचे ग्रामीणों ने शव लटका देखा, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान नगला तरा निवासी अशोक कुमार के पुत्र सिकंदर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सिकंदर सोमवार रात किसी समय बिना बताए घर से निकल गया था। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे गांव से लगभग 500 मीटर दूर खेत में आम के पेड़ पर मफलर के सहारे उसका शव लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मां मीरा देवी, पिता अशोक कुमार, भाई मिथुन व इसेन्द्र तथा बहन सुनहरी गहरे सदमे में हैं।

परिजनों ने बताया कि सिकंदर ने बीएड की पढ़ाई पूरी की थी और बीटीसी के बाद प्रशिक्षण कर रहा था। लंबे समय से सरकारी नौकरी न मिलने के कारण वह मानसिक तनाव में रहता था। हाल ही में परिवार ने उसके लिए रिश्ता देखने की पहल की थी, लेकिन उसने फिलहाल विवाह से भी इनकार कर दिया था।

घटना की सूचना पर थाना प्रभारी राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच की। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पंचनामा की कार्रवाई के लिए पहुंचे उपनिरीक्षक अवधेश अवस्थी को परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, जिसके चलते आगे की वैधानिक प्रक्रिया को लेकर पुलिस स्थिति स्पष्ट करने में जुटी हुई है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News